सरूरपुर। कस्बा हर्रा में मंगलवार रात हथियार बंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार के लोगों को बंधक बनाकर लूटपाट की। पीड़ित ने मामले की तहरीर थाना पुलिस को दी है। कस्बा निवासी फरमान पुत्र मोहम्मद अली ने बताया कि ईदगाह के पीछे उसका मकान है। बीती रात वह अपने परिवार के साथ सोया था । इसी दौरान आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश आ धमके। उन्होंने गन प्वाइंट पर सभी को बंधक बना लिया। पत्नी व बच्चों को कमरे में बंद कर दिया। फरमान ने आरोप लगाया कि बदमाश उसकी जेब में रखे 35 हजार रुपये नकद और मोबाइल लूट ले गए। पीड़ित के परिवार ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की। बदमाश जाते-जाते तीन भैंस भी लूटकर ले गये। पीड़ित ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।