खरखौदा। हापुड़ जिले के थाना धौलाना क्षेत्र के दो छात्र बृहस्पतिवार को प्राइवेट बस में सवार होकर मेरठ से लौट रहे थे। ग्राम फफूंडा से बस में चढे़ अन्य छात्रों ने उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया। इस पर एक अन्य यात्री ने पुलिस को फोन कर दिया। इस पर पुलिस ने बस को थाने के सामने रुकवा लिया। वहीं, आरोपी दो छात्रों को हिरासत में ले लिया है। पीड़ित छात्रों ने थाने में तहरीर दी है।
हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के गांव कर्मपुर जट निवासी सौरभ पुत्र सुरेंद्र शर्मा एवं मनीष पुत्र योगेश शर्मा बृहस्पतिवार सुबह हाईस्कूल के प्रमाण-पत्रों में त्रुटि दुरुस्त कराने के लिए मेरठ स्थित बोर्ड आफिस आए थे। दोनों छात्र काम समाप्त करके मेरठ से बस में सवार हापुड़ होकर लौट रहे थे। उनकी बस हापुड़ रोड पर गांव फफूंडा के सामने पहुंची तो उसमें कई युवक सवार हुए। बस आगे बढ़ी तो वे महिला यात्रियों से गालीगलौज करने लगे। इसका छात्र सौरभ और मनीष ने विरोध किया। इस पर उक्त युवकों ने इन्हें मारपीट कर घायल कर दिया। किसी अन्य यात्री ने खरखौदा पुलिस को इसकी सूचना दे दी। इस पर पुलिस ने थाने के सामने बस को रुकवा लिया तथा आरोपी युवकों में से दो को दबोच लिया। वहीं, पीड़ित छात्रों ने थाने में तहरीर दी है।