जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा।
ग्राम फफूंडा स्थित नलकूप पर एक युवक से तीन लोगों ने पुराने विवाद के चलते रंगदारी मांगी। उन्होंने रुपये नहीं देने पर उस पर हमला कर दिया। युवक ने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, बुधवार को पीड़ित शिकायत लेकर एसएसपी ऑफिस पहुंचा। आरोप है कि इस बीच आरोपी वहां पहुंच गये। हालांकि पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर खरखौदा पुलिस को सौंप दिया।
मेरठ कोतवाली क्षेत्र निवासी अधिवक्ता सुहेल पुत्र आबिद के अनुसार काफी समय पहले उसने कोतवाली निवासी एक व्यक्ति का केस लिया। आरोप है कि कोतवाली क्षेत्र निवासी इलियास पुत्र अली मोहम्मद ने इसका विरोध किया। इसको लेकर इलियास पक्ष ने पीड़ित तथा मेरठ में वकालत कर रहे उसके पिता पर कई बार हमला कराया। जिसमें अलग-अलग थानों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज है। इस बार आरोपी ने पीड़ित के मोबाइल पर व्हाट्स एप पर महिलाओं के बारे में अश्लील टिप्पणी कर मैसेज भेजे। इस मामले में पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। 19 जनवरी को पीड़ित क्षेत्र में गांव फफूंडा स्थित अपने खेत पर गया था। वहां पर पहुुुंचे इलियास, उसके छोटे भाई सुहेल एवं इलियास के बेटे एयाज ने सहेुल पक्ष द्वारा खर्च कराए करीब पंद्रह लाख रुपये मांगे। आरोपी पक्ष ने सुहेल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया तथा फायर भी किया। इस मामले में पीड़ित तुरंत थाने पहुंचा, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया तो पीड़ित एसएसपी दफ्तर पहुंचा था। जिसमें पुलिस ने जानलेवा हमले समेत रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। पीड़ित एसएसपी दफ्तर से बाहर निकला तो आरोपी इलियास पीड़ित से भिड़ गया। पीड़ित ने तुरंत एसएसपी दफ्तर में सूचना दी। इस पर पुलिस ने आरोपी को दबोचकर खरखौदा पुलिस को सौंप दिया। इस मामले में थानाध्यक्ष प्रमोद गौतम ने बताया कि इलियास मुकदमे में वांछित है।