रुपये दोगुने करने का झांसा देकर 30 हजार ठगे
मेरठ। रुपये दोगुने करने का झांसा देकर युवक से 30 हजार रुपये ठगने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को मामले की जानकारी दी है। मुजफ्फरनगर निवासी शहजान पुत्र नफीस गुप्ता कालोनी स्थित एक फ्रिज के सर्विस सेंटर पर काम करता है। बुधवार सुबह शहजान के मालिक ने उसे 30 हजार रुपये बैंक में जमा करने को भेजा। करीब आधा घंटे बाद शहजान बदहवास हालत में सर्विस सेंटर पहुंचा और खुद के साथ लूट होने का शोर मचा दिया। लेकिन बाद में सख्ती से पूछताछ पर उसने बताया कि बैंक के बाहर एक युवक ने उसे रुपये दोगुने का झांसा दिया। बातों में आकर उसने उसे रुपये दे दिए। कुछ ही देर में युवक लिफाफे में रुपये लेकर आया और उसे देकर चला गया। लेकिन लिफाफे में कागज के टुकड़े निकले। इंस्पेक्टर प्रमोद गौतम ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर नहीं मिली है।