पुरानी रंजिश में कपड़ा व्यापारी को गोली मारी
मेरठ। लिसाड़ीगेट के समर गार्डन में मंगलवार दोपहर बाइक सवार हमलावरों ने कपड़ा व्यापारी और उसके दोस्त पर फायरिंग कर दी। इस दौरान व्यापारी के पेट के निचले हिस्से में गोली लग गई। घटना के बाद आरोपी युवक धमकी देते हुए फरार हो गए।॥
लक्खीपुरा निवासी मोहम्मद असलम पुत्र इस्लाम कपड़ा व्यापारी हैं। मंगलवार दोपहर वह अपने पड़ोसी चांद के साथ बाइक से मुरादनगर जा रहे थे। रास्ते में समर गार्डन 60 फुटा रोड पर दो बाइक पर सवार चार युवक पहुंचे और फायरिंग कर दी। जिसमें एक गोली असलम के पेट के निचले हिस्से में लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को जिला अस्पताल ले गई। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला का कहना है कि घायल की तरफ से शाहरुख, फारूख भोला और एक अन्य युवक के खिलाफ तहरीर दी गई है। सीओ का कहना कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ ने बताया कि असलम के भतीजे शानू ने 18 जून को फारूख के पिता अयूब पर गोली मारी थी। अयूब को दिल्ली रैफर कर दिया गया था। अब असलम पर हुए हमले में फारूख और अन्य को आरोपी बनाया गया है।