मोहननगर से सवार हुए थे बदमाश, रुहासा मोड़ के निकट बंधक बनाकर खेत में फेंका चालक
दौराला पुलिस घटना को दर्ज कर जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला।
चार बदमाशों ने बुधवार देर रात कार में लिफ्ट लेकर चालक को बंधक बना लिया तथा कार एवं नगदी लूट ली। बदमाशों ने विरोध करने पर चालक को जमकर पीटा और उसे रुहासा मोड़ के निकट खेत में बंधक बनाकर डाल गए। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह बंधनमुक्त होकर पीड़ित खेत से बाहर निकला और राहगीरों की मदद से कार मालिक एवं पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की मगर कोई सुराग नहीं लगा।
मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव नरा निवासी मारूफ पुत्र इस्लामुद्दीन, मुजफ्फरनगर निवासी रेडीमेड कपड़ा व्यापारी प्रवीण शर्मा की स्विफ्ट कार पर चालक है। बताया कि बुधवार को मारूफ कार से प्रवीण शर्मा के एक दोस्त को दिल्ली छोड़ने गया था। वह देर रात लौट रहा था। मोहननगर से चार बदमाश मुजफ्फरनगर जाने के लिए लिफ्ट लेकर कार में बैठ गए। मारूफ के अनुसार कार हाईवे पर खतौली स्थित चीतल होटल के निकट पहुंची तो बदमाशों ने हथियारों के बल पर उसे रुकवा लिया। उन्होंने चालक के साथ मारपीट करके उसे कार में बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाश उसे वापस मेरठ की ओर ले गए और दौराला थाना क्षेत्र में रुहासा मोड़ के निकट एक खेत में बंधक बनाकर फेंक दिया। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। बदमाश उससे 1700 रुपये, दो मोबाइल और एटीएम कार्ड समेत कार लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह बंधनमुक्त होकर वह खेत से बाहर निकला और राहगीरों की मदद से कार मालिक एवं पुलिस कंट्रोल रूम को मामले की सूचना दी। इस पर दौराला पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की मगर सफलता नहीं मिली। पीड़ित कार चालक ने दौराला थाने पर लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले को दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
वर्जन
घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।-नीरज मलिक, एसओ दौराला थाना