मेरठ। हापुड़ रोड स्थित एक अस्पताल में बुधवार देर रात तीन बजे रहीसा (70) पत्नी सिराजुद्दीन की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि रहीसा के गुर्दे में इंफेक्शन था। रात में महिला की हालत खराब हुई थी। कई बार स्टाफ नर्स से कहा गया कि डॉक्टरों को बुलाओ, लेकिन वहां डॉक्टर नहीं आए। जिसके चलते रहीसा की मौत हुई हैै। इसको लेकर परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना पर एसओ नौचंदी मौके पर पहुंचे। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे अस्पताल के डॉक्टरों और तीमारदारों में समझौता हो गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम के शव को घर ले गए।