चेन लुटेरों के पीछे दौड़ीं महिला सीओ
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
बेखौफ बदमाशों ने रविवार सुबह सिविल लाइन क्षेत्र में महिला से चेन लूट ली। इस दौरान शोर सुनकर महिला सीओ अपने पति के साथ बदमाशों के पीछे दौड़ पड़ीं। एक लुटेरे को पकड़ने की कोशिश की तो लुटेरे ने तमंचा तानकर गोली मारने की धमकी दी।
मेरठ में सीओ रह चुकीं ज्ञानवती तिवारी अब पीटीएस में तैनात हैं। महिला सीओ पीडब्लूडी कॉलोनी के पास रहती है। रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे पीडब्लूडी कॉलोनी निवासी कांता देवी अपने पति सतीश कुमार (इंजीनियर) के साथ वॉक पर जा रही थीं। चिकित्सा अधिकारी के आवास के पास पीछे से बाइक सवार दो युवक आये। एक युवक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे युवक ने चेहरे पर रुमाल बांध रखा था। युवकों ने कांता देवी से चेन लूट ली और भाग गए। उसी समय सीओ ज्ञानवती तिवारी भी अपने पति के साथ मार्निंग वाक पर कर रही थीं। सीओ व उनके पति ने भी लुटेेरों का पीछा किया। भागते समय लुटेरों की बाइक फिसल गई। एक आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने सीओ और उनके पति की तरफ तमंचा तान दिया। जिसके बाद लुटेरे भाग निकले। सूचना पर इंस्पेक्टर सिविल लाइन धीरज शुक्ला मौके पर पहुंचे। पूरे शहर में बदमाशों की तलाश में चेकिंग कराई, लेकिन लुटेरे हत्थे नहीं चढ़े। पीड़ित महिला ने सिविल लाइन में लूट की तहरीर दी है।
तमंचा नहीं होता तो पकड़ लेते
सीओ ज्ञानवती तिवारी ने बताया कि एक बदमाश ने तमंचा तानकर उन्हें गोली मारने की धमकी दी थी। यदि लुटेरों पर तमंचा नहीं होता तो उन्हें पकड़ लिया जाता।
चेन लुटेरों की तलाश में पूरे शहर में चेकिंग कराई गई, लेकिन सुराग नहीं लगा। बाइक के नंबर के आधार पर लुटेरों की तलाश की जा रही है। मानसिंह चौहान, एसपी सिटी
खास बात
सिविल लाइन क्षेत्र में पीडब्लूडी कॉलोनी के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने लूटी चेन