मोहल्ला काबली गेट निवासी बजरंग दल कार्यकर्ता को शनिवार शाम सांधन पुलिया के निकट बाइक सवार दो पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। आरोप है कि कागजात की चेकिंग के बाद सिपाहियों ने बिना जूते बाइक चलाने की बाबत पांच सौ रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर मारपीट की। इसकी जानकारी पाकर बजरंग दल कार्यकर्ता थाने पहुंचा और हंगामा किया। इतना ही नहीं कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर धरना दिया तथा आरोपी सिपाहियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मोहल्ला काबली गेट निवासी मोनू पुत्र महेंद्र बजरंग दल कार्यकर्ता है। मोनू ने बताया कि वह बजरंग दल भर्ती अभियान में लगा हुआ है। जिसके लिए वह अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर मवाना खुर्द गया था। वह शाम के समय वापस लौट रहा था। सांधन पुलिया के निकट पहुंचा तो बाइक सवार दो पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया तथा कागजात दिखाने के लिए कहा। सभी कागजात दिखाने परसिपाहियों ने मोनू से कहा कि चप्पल पहनकर बाइक चला रहा है इसलिए पांच सौ रुपये देने होंगे। रुपये देने से इनकार करने पर दोनों सिपाहियों ने उसके साथ अभद्रता की। उन्होंने मारपीट करके द्वारा काटी गई रसीद आदि फाड़ दी। इसके बाद पीड़ित मवाना पहुंचा और अन्य कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। इस पर काफी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित होकर पीड़ित के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। थाने पर मौजूद एसएसआई भरतलाल शाह ने कार्यकर्ताओं को शांत किया। एसएसआई मोनू को लेकर घटनास्थल पर चले गए। उन्होंने बताया कि मोनू से सिपाहियों की शिनाख्त कराई जाएगी। कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर कार्यकर्ता शांत होकर घरों को लौट गए। यहां नवनीत चौहान, पिंटू, मोनू शर्मा, आयुष शर्मा, शिवम, विकास कश्यप, भूपेंद्र चौहान आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।
आरोपी सिपाहियों का पता नहीं चलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता पुन: थाने पहुंचे तथा धरना देकर बैठ गए। उन्होंने आरोपी सिपाहियों का तुरंत पता लगाकर निलंबित किए जाने की मांग की। करीब एक घंटा बाद जानकारी पाकर सीओ यूएन मिश्र थाने पहुंचे तथा कार्यकर्ताओं से वार्ता कर सिपाहियों का पता लगाकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने आला अधिकारियों को इस बाबत अवगत कराकर कार्यकर्ताओं को शांत करके धरना समाप्त कराया। इस संबंध में मोनू कुमार ने दोनों पुलिसकर्मियों पर जातिसूचक शब्द कहने, मारपीट करने तथा गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उसने दोनों पुलिसकर्मियों की नेमप्लेट पर संदीप एवं परवेज लिखा होने की जानकारी दी। सीओ का कहना है कि दोनों सिपाही मवाना थाने के नहीं हैं, आसपास के थानों में जानकारी करा ली है। हालांकि पता नहीं चला है। इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य बातें
सिपाहियों ने चप्पल पहनकर बाइक चलाने पर पांच सौ रुपये मांगे, नहीं देने पर की मारपीट
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दिया