मोदीपुरम। सिवाया टोल प्लाजा पर एक चिकित्सक और उसके इंजीनियर भाई ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। शुक्रवार रात उत्तराखंड रोडवेज की बस को लेकर चालक राजकुमार और परिचालक सिकंदर दिल्ली से ऋषिकेश जा रहे थे। सिवाया टोल प्लाजा पर आगे निकलने को लेकर बस चालक की ऑल्टो सवार चिकित्सक और उसके इंजीनियर भाई से कहासुनी हो गई। इस पर कार सवार दोनों भाइयों ने बस चालक और परिचालक के साथ मारपीट कर दी। यात्रियों के विरोध किया तो बस के शीशी तोड़ दिए और उस पर पथराव कर दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को दौराला सीएचसी में भर्ती कराया। एसओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।