मोहल्ला तिहाई निवासी दलित व्यक्ति ने समुदाय विशेष के एक युवक एवं 3-4 अज्ञात के खिलाफ पुत्र को रोककर हॉकी और बेल्ट आदि से पीटकर घायल करने का आरोप लगाया है। भीड़ एकत्र होने पर आरोपी धमकी देकर फरार हो गए।
मोहल्ला तिहाई जुड्डी निवासी कमल सिंह पुत्र लाल सिंह का कहना है कि उसका पुत्र अंकित एएस इंटर कालेज में कक्षा 10 का छात्र है। वह बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूल से बाहर आया। वहां पहले से खडे़ समुदाय विशेष के युवक निवासी मोहल्ला हीरालाल ने उसके पुत्र को रोक लिया। आरोपी ने उसके पुत्र को जाति सूचक शब्द कहे। इसका अंकित ने विरोध किया तो आरोपी ने अपने 3-4 साथियों ने मिलकर हॉकी और बेल्ट आदि से पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने उसके पुत्र को नीचे गिराकर बुरी तरह से पीटा। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और अंकित को बचाया। भीड़ एकत्र होती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने घायल अंकित को सीएचसी भेजा दिया। अंकित के पिता ने थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, थाना प्रभारी विजय कुमार का कहना है कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य बातें
आसपास के लोगों को आता देख धमकी देकर फरार हुए हमलावर
पुलिस बोली, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी