व्यापारियों ने की कार्रवाई की मांग, कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने को दी तहरीर
सरधना।
मोहल्ला कमरानवाबान में शनिवार रात में चोरों ने एक मोबाइल की दुकान से हजारों की नकदी व सामान चोरी कर लिया। साथ ही पड़ोस की एक दुकान में चोरी का प्रयास किया। रविवार को व्यापारियों ने कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी।
मोहल्ला कमरानवाबान निवासी दिलशाद पुत्र सामीन की मोबाइल दुकान है। शनिवार रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर करीब पचास हजार रुपये से अधिक का सामान चोरी कर लिया। चोर दुकान से इनवर्टर, बैंट्रा, कंप्यूटर, नौ मोबाइल फोन और गल्ले में रखी दो हजार की नकदी भी ले गए। चोरों ने पड़ोस में ही अरसद मेवाती पुत्र रियाज अहमद की दुकान में भी चोरी का प्रयास किया। चोर अरसद की दुकान के ताले नहीं तोड़ सके। मामले की जानकारी जैसे ही व्यापारियों को लगी तो वह कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंच गए और हंगामा किया। इस मौके पर सत्यप्रकाश माहेश्वरी, शेखर त्याग, अरसद मेवाती, दिलशाह, शहजाद आदि शामिल रहे। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।