अमर उजाला ब्यूरो
फलावदा।
बदमाशों ने करीब डेढ़ माह पूर्व ग्राम महलका स्थित किसान सेवा सहकारी समिति में एमडी और कैशियर को बंधक बनाकर हथियारों के बल पर करीब 12 लाख रुपये लूट लिये थे। पुलिस ने वारदात का खुलासा कर तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर तमंचे, बाइक और हजारों रुपये बरामद किए हैं। हालांकि चार बदमाश अभी फरार हैं।
गौरतलब है कि करीब डेढ़ माह पूर्व महलका सहकारी समिति के एमडी और कैशियर को बंधक बनाकर सशस्त्र बदमाशों ने हथियारों के बल पर किसानों द्वारा जमा की गई राशि करीब 12 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। एसपी देहात राजेश कुमार ने लुटेरों की धरपकड़ के लिए क्राइम ब्रांच टीम लगाई थी। फलावदा पुलिस ने बृहस्पतिवार को महलका जैन इटर कालेज के पीछे लूट की योजना बना रहे अपाचे सवार तीन बदमाश अनुज कुमार उर्फ चीकू पुत्र युद्धविंदर सिंह निवासी चंदौडी थाना इंचौली, जगमोहन उर्फ मोहन पुत्र इन्द्र सिंह निवासी भटगांव थाना सदर जनपद सोनीपत हरियाणा एवं सुल्तान पुत्र यूसुफ निवासी गुलजारी इब्राहिम खत्ता रोड थाना ब्रह्मपुरी मेरठ को दबोच लिया। इनकी निशानदेही पर अनुज के घर से लूटे गए 55 हजार रुपये बरामद किए हैं। तीनों बदमाशों पर लूट, रेप एवं एनडीपीएस के कई मुकदमे मेरठ एवं बागपत में दर्ज हैं। इन्होंने गहन पूछताछ में साथियों के नाम सरताज पुत्र यामीन थाना ब्रह्मपुरी, कल्लू पुत्र सलीम पाबली खुर्द थाना कंकरखेड़ा, सनी पुत्र नागेंद्र थाना कंकरखेड़ा, जानू उर्फ जान मोहम्मद पुत्र इकबाल निवासी कस्बा दोघट जिला बागपत एवं मास्ट निवासी मुजफ्फरनगर भी घटना में शामिल बताए। सरताज थाना लिसाड़ीगेट से किसी मुकदमे में जेल में बंद है। जगमोहन बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। गैंग का सरगना दोघट निवासी जानू बताया जा रहा है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अनुज से एक तमंचा व तीन कारतूस, मोबाइल, जगमोहन से तमंचा कारतूस एवं सुल्तान से तमंचा एवं कारतूस बरामद किए हैं।
मुख्य बातें
डेढ़ माह पूर्व महलका किसान सेवा सहकारी समिति से लूटे थो 12 लाख रुपये
चार बदमाश अभी पुलिस की पहुंच से दूर