खतौली (ब्यूरो)। पुलिस को बेहोशी की हालत में मिले युवक की जिला अस्पताल में मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक युवक की मौत जहर खाने से हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी है। मोहल्ला खालापार निवासी 25 वर्षीय शाहिद पुत्र मंसूर सोमवार को खतौली आया था। सोमवार की देर शाम पुलिस को शाहिद भूड़ क्षेत्र में बेहोशी की हालत में पड़ा मिला था। पुलिस ने बेहोशी की हालत में उसको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रात में जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों के मुताबिक युवक की मौत जहर का सेवन करने से हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसके परिजनों को सूचना दे दी है।