मेरठ। लिसाड़ी गेट पुलिस ने चार दिन से एक हत्यारोपी को हिरासत में लिया हुआ है। लेकिन जेल नहीं भेजा। बृहस्पतिवार को पीड़ित पक्ष ने सीओ कोतवाली से शिकायत की। दरियागंज गोलाकुआं निवासी जहांगीर पुत्र तुफैल अहमद का आरोप है कि 31 मार्च को जावेद कुरैशी, रिहान कुरैशी और उजेफा सहित कुछ लोगों ने उनके भांजे आशी उर्फ शाह आलम की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सभी के खिलाफ उन्होंने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने रिहान कुरैशी को उसी दिन हिरासत में भी ले लिया। लेकिन चार दिन बीतने के बाद भी उसे जेल नहीं भेजा। शेष आरोपी क्षेत्र में खुले घूम रहे हैं और उन पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। लिसाड़ी गेट पुलिस से इसकी शिकायत की गई, लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। जांच अधिकारी एसएसआई उपेंद्र सिंह भी टालमटोल कर रहे हैं। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला का कहना है कि पुलिस निष्पक्ष विवेचना कर रही है। जल्द सभी आरोपी जेल भेजे जाएंगे।