- साइबर अपराधियों ने लालकुर्ती के व्यापारी को बनाया शिकार
- एकाउंट नंबर व आईएफएसई कोड से वारदात को दिया अंजाम
फोटो
मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक साड़ी शोरूम के मालिक से महज एकाउंट नंबर और आईएफएसई कोड जानकर ठगों ने उनके एकाउंट से 85 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
पांडवनगर निवासी शिवम मित्तल का लालकुर्ती में साड़ी का शोरूम है। उनके अनुसार, शुक्रवार शाम किसी का फोन आया। उसने बताया कि उसे काफी साड़ियां खरीदनी हैं। उसके परिजन कुछ देर में शोरूम पहुंच जाएंगे। अगर वह अपना एकाउंट नंबर और आईएफएसई कोड बता दें तो वह 20 हजार रुपये एडवांस में ट्रांसफर कर देगा। पहले तो शिवम ने मना किया, लेकिन युवक के बार-बार कहने पर उन्होंने आईएफएसई कोड और एकाउंट नंबर बता दिया। कुछ ही देर में शिवम के मोबाइल फोन पर चार मैसेज आए। उसमें 20-20 हजार के तीन और 25 हजार का एक ट्रांजेक्शन दिखाई दिया। यह देख हैरान शिवम ने उस नंबर पर संपर्क किया तो नंबर बंद आया। इंस्पेक्टर सिविल लाइन अब्दुर रहमान सिद्दीकी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर जांच की जा रही है। मामले में साइबर सेल की भी मदद ली जाएगी।
एकाउंट से 41600 रुपये निकाले
मेरठ। प्रभातनगर निवासी दीपाली ने ऑनलाइन कंपनी से स्पोर्ट्स शूज आर्डर किये थे। दो दिन पहले कुरियर से जूतों की डिलीवरी हो गई। बॉक्स खोलकर देखा तो जूतों में डिफेक्ट था। इसके बाद दीपाली ने जूते बदलने और रुपये लौटाने के लिए कंपनी के नंबर पर संपर्क किया। आरोप है कि बृहस्पतिवार को कंपनी के किसी कर्मचारी ने उसे फोन किया और जूते की कीमत 2200 रुपये लौटाने के लिए एकाउंट नंबर मांगा। एकाउंट नंबर बताने के कुछ ही देर में एकाउंट से 41600 रुपये की निकासी कर ली गई। दीपाली ने भी सिविल लाइन थाने में तहरीर दी है।