कंकरखेड़ा। सैनिक विहार निवासी विशंभर सहाय ने बताया कि बृहस्पतिवार रात सैनिक विहार में पड़ोस में ही रहने वाले दो पक्षों में मामूली बात को लेकर विवाद हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। इसके बाद वह एक पक्ष के युवक की पैरवी करने के लिए थाने गया। वहां उसने सिपाही से युवक को निर्दोष बताते हुए छोड़ने की मांग की। इस पर सिपाही ने उससे 20 हजार रुपये मांगे। आरोप लगाया कि इंकार करने पर सिपाही ने उसकी जेब से 4400 रुपये निकाल लिए और धमका कर थाने से भगा दिया। पीड़ित ने आरोपी सिपाही की शिकायत एसपी सिटी से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।