युवती का धर्म परिवर्तन कर किया निकाह, तनाव
मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र में युवती का धर्मपरिवर्तन के बाद निकाह करने का मामला सामने आने पर तनाव पैदा हो गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोपी युवक को पनाह देने वाले एक युवक को पीटकर पुलिस को सौंप दिया। वहीं, पुलिस इस मामले को दबाने में लगी है।
पुलिस के अनुसार शास्त्रीनगर से सटी एक कालोनी निवासी 20 वर्षीय युवती छात्रा है। आरोप है कि दस दिन पहले लिसाड़ीगेट निवासी सलमान उर्फ सोनू ने युवती का अपहरण कर उसे अपने एक दोस्त की मदद से लिसाड़ीगेट क्षेत्र में रखा। युवक ने युवती का धर्म परिवर्तन कराकर निकाह कर लिया। युवती के परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस की। नौचंदी पुलिस ने युवती को अपनी मर्जी से जाना बताते हुए युवती के परिजनों पर ही दबाव बनाया। यह लिखवाकर भी ले लिया कि वह इसमें कोई कार्रवाई नहीं चाहते।
शनिवार शाम बजरंग दल के नेता अंकुर गोयल समर्थकों के साथ पहुंचे और सलमान की मदद करने वाले दोस्त की पिटाई कर दी। पुलिस की पूछताछ में आरोपी दोस्त ने बताया कि सलमान उसके यहां आता था। वह नहीं जानता कि किस युवती को ले गया। देर शाम नौचंदी पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया।
48 घंटे की चेतावनी
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नौचंदी पुलिस को चेतावनी दी कि यदि दो दिन में युवती बरामद नहीं हुई तो थाने में धरना दिया जाएगा। बजरंग दल के प्रांतीय संयोजक बलराज डूंगर के अनुसार नौचंदी पुलिस की भूमिका ठीक नहीं है। उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है। सोमवार को एसएसपी ऑफिस घेरा जाएगा।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामला संज्ञान में आया है कि दोनों ने बालिग बताते हुए शादी कर ली है। इस मामले में युवती के परिजन थाने में तहरीर देते हैं तो पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी।- रणविजय सिंह, एसपी सिटी
खास बातें:
दस दिन पहले किया था दूसरे समुदाय के युवक ने अपहरण
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने संरक्षण देने वाले युवक को पीटकर पुलिस को सौंपा
नौचंदी पुलिस पर जबरन समझौता लिखवाने का आरोप