मेरठ। डेरा प्रमुख राम रहीम की सजा पर आज फैसला होगा। इसको लेकर मेरठ समेत जोन के सभी नौ जिलों में कड़ी चौकसी रहेगी। अधिकारियों के अनुसार हरियाणा बॉर्डर से जुडे़ जिलों में खास फोकस करते हुए निगरानी और चेकिंग होगी। रविवार को पुलिस फोर्स ने नाम चर्चा घरों और डेरों की गतिविधियां चेक कीं।
हरियाणा और पंजाब में हिंसा के बाद मेरठ जोन में पहले से अलर्ट जारी है। सोमवार को सजा के फैसले को देखते किसी तरह की घटना न हो, इसके लिए सभी थानाध्यक्षों और सीओ को हाईवे और मुख्य मार्गों पर गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। हरियाणा सीमा से जुडे़ जनपदों पर भी फोकस है। मेरठ और सहारनपुर मंडलों में शामली, बागपत और सहारनपुर जिले इस दृष्टि से संवेदनशील हैं। साथ इन जनपदों में डेरे के अनुयायी भी सबसे अधिक हैं।
एडीजी जोन प्रशांत कुमार ने कहा कि जोन के सभी एसएसपी को चौकसी बरतने के लिए कहा गया है। बागपत और शामली में बॉर्डर सील किया गया है। यहां निजी वाहनों या ट्रैक्टर ट्रालियों में आने वाली भीड़ पर निगाहें रहेंगी। उन्हें बार्डर पार नहीं करने दिया जाएगा। प्रत्येक जिले की पुलिस लाइन में रिस्पांस टीमें बना दी गई हैं। इनमें पुलिस के अलावा आरएएफ, आरआरएफ और पीएसी शामिल हैं, जो किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर रवाना होंगी। वहीं, एसएसपी मंजिल सैनी के अनुसार जिले में लागू धारा 144 का सख्ती से पालन कराया जाएगा। सभी थाने अलर्ट पर हैं। सभी थाना क्षेत्रों में बैरियर से नाकाबंदी कर चेकिंग की जाएगी। सभी सीओ और एसओ अपने क्षेत्र में निगरानी करेंगे।
डेरों की गतिविधियाें पर नजर
सभी जनपदों में एलआईयू को भी सक्रिय कर दिया गया है, जो डेरे और नाम चर्चा घरों के बारे में जानकारियां जुटाकर स्थानीय पुलिस प्रशासन को अवगत करा रही हैं। पुलिस भी इनकी गतिविधियों पर नजर रखे है। मेरठ में तीन चर्चा घर हैं। इनमें लखवाया, परतापुर की ग्राम भूमि और सूरजकुंड में हैं। इसके अलावा कुछ जगह स्थानीय स्तर पर निजी डेरे भी बने हैं जिन पर खुफिया तंत्र नजर रखे है। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि रविवार को शहर में तीन स्थानों पर नाम चर्चा घरों को चेक किया गया। हालांकि कहीं भी कोई असामान्य गतिविधि नहीं मिली।
खास बात
डेरा प्रमुख राम रहीम की सजा पर आज सोमवार होना है फैसला
हरियाणा से सटी सीमाओं पर फोकस, रिजर्व में रखी गईं रिस्पांस टीमें