- होटल मुकुट महल में शादी समारोह में आया था युवक
- गर्दन में लगी गोली, घायल को अस्पताल में कराया भर्ती
फोटो...
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र में एक बारात में शिरकत करने आया युवक गोली लगने से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने अपने ससुर पर गोली मारने का आरोप लगाया है।
दिल्ली रोड स्थित विवाह मंडप मुकुट महल में शुक्रवार शाम दिल्ली से एक बारात आई थी। इसमें दिल्ली के मालवीय नगर का इमरान पुत्र जबरुद्दीन भी दोस्तों के साथ आया था। इमरान ने मुकुट महल के सामने सड़क के दूसरी तरफ गाड़ी पार्क की और उसमें बैठकर दोस्तों के साथ शराब पीने लगा। तभी आधा दर्जन युवक वहां पहुंचे और उन्होंने गाड़ी में तोड़फोड़ शुरू कर दी। एक युवक ने अचानक गोली चला दी। गर्दन में गोली लगने से इमरान गंभीर रूप से घायल हो गया। युवकों के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया।
वसीयत बना विवाद का कारण
अस्पताल पहुंचे इंस्पेक्टर टीपीनगर प्रमोद गौतम ने घायल इमरान से बात की तो उसने खरखौदा निवासी अपने ससुर पर गोली मारने का आरोप लगाया। इमरान का कहना है कि उनका पारिवारिक विवाद चल रहा है। वसीयत इस विवाद की मुख्य जड़ है।
मंडप के बाहर पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
इस घटना के बाद मुकुट महल फिर चर्चा में आ गया है। पहले भी यहां इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस ने आज तक सबक नहीं लिया। अक्सर समारोह के दौरान मंडप के बाहर रास्ते पर ही अवैध रूप से गाड़ियां पार्क होने से रास्ता जाम हो जाता है। गाड़ियों में बैठकर शराब पी जाती है। कई बार ऐसी स्थिति हंगामे की वजह भी बनी है। कई बार लोगों ने पुलिस से इसकी शिकायत भी की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस घटना के बाद एक बार फिर लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
-----------
वर्जन....
दबिश दी जा रही
घायल ने हमलावर की पुष्टि की है। टीमें गठित कर दबिश डाली जा रही है। जल्द सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। -प्रमोद कुमार गौतम, इंस्पेक्टर टीपीनगर