कंकरखेड़ा। श्रद्धापुरी निवासी सुमन वर्मा पत्नी सुभाष वर्मा का कॉलोनी में ही प्ले स्कूल है। उनके पति कैंटोमेंट हॉस्पिटल में कैमिस्ट हैं। महिला ने बताया कि शुक्रवार देर शाम वह अपने पति के साथ पैदल ही बाजार से सब्जी लेकर लौट रही थीं। रास्ते में बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनके कानों से कुंडल नोंच लिए और फरार हो गए। दंपति ने शोर मचाया तो भीड़ लग गई। इसके बाद दंपति और अन्य लोग बदमाशों के पीछे दौड़ पड़े। सरधना रोड पर दंपति ने तीन संदिग्ध युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। साथ ही कहा कि इन तीनों ने ही लूटपाट की है। इंस्पेक्टर विनय कुमार का कहना है कि तीनों युवकों से पूछताछ के बाद ही कहा जा सकता है कि वे लुटेरे हैं या नहीं। वहीं पीड़िता ने तहरीर दी है।