नौकरानी ने की थी व्यापारी के घर चोरी
मोदीनगर। तेल मिल स्थित कृष्णपुरा कालोनी में बैट्री व्यापारी के यहां हुई चोरी घर में काम करने वाली नौकरानी ने ही की थी। कोतवाली पुलिस ने शनिवार शाम चेकिंग के दौरान बस स्टैंड से नौकरानी को गिरफ्तार कर लाखों के जेवरात और 30 हजार रुपये बरामद कर लिए।
एसएचओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि 20 अगस्त को कृष्णपुरा कालोनी निवासी बैट्री व्यापारी निखिल त्यागी पुत्र सुशील कुमार के घर दिनदहाड़े लाखों के जेवर व एक लाख 80 हजार रुपये की चोरी हो गई थी। पुलिस के जांच की सुई निखिल के घर पर काम कर रही नौकरानी रेखा पत्नी सुरेश पर जा टिकी थी। शनिवार शाम नौकरानी जेवर बेचने की फिराक में थी। कोतवाली पुलिस ने बस स्टैंड के पास से उसे दबोच लिया। नौकरानी के कब्जे से जेवरात और 30 हजार तीन सौ रुपये बरामद हुए। नौकरानी रेखा मूलरूप से हापुड़ जिले के थाना हाफिजपुर के गांव हैदरपुर की रहने वाली है। हाल ही में वह मोदीनगर के सीकरी फाटक के पास नंद नगरी में किराए पर रह रही थी। उसने पुलिस को बताया कि वह घरों में भी छोटी-मोटी चोरी कर चुकी है।