युवती से दुराचार की कोशिश, विरोध करने पर मां को पीटा
मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र में अपने घर की छत पर सो रही एक युवती से पड़ोस के युवक ने दुराचार की कोशिश की। घर पर शिकायत लेकर पहुंची युवती की मां के साथ आरोपी युवक और उसके परिजनों ने मारपीट की। मां-बेटी ने एसएसपी दफ्तर पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
एसएसपी दफ्तर पहुंची पीड़ित मां-बेटी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात दोनों अपने मकान की छत पर सो रही थी। देर रात उनका पड़ोसी युवक छत के रास्ते उनकी छत पर आया और उसकी बेटी के साथ दुराचार की कोशिश करने लगा। उसकी चीख सुनकर मां भी जाग गई। उसने आरोपी युवक को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भाग गया।
आरोप है कि लोक लाज के डर से उन्होंने रात को किसी को यह बात नहीं बताई। शुक्रवार सुबह उनकी बेटी ने बताया कि आरोपी युवक इससे पूर्व उसके साथ छेड़छाड़ कर चुका है। आरोप है कि इन सबकी शिकायत लेकर शुक्रवार सुबह वह आरोपी युवक के घर गई तो आरोपी और उसके भाई ने उसके साथ मारपीट की। साथ ही पुलिस में शिकायत नहीं करने की धमकी दी। डरी सहमी मां बेटी एसएसपी दफ्तर पहुंची और एसएसपी कार्यालय में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की है।