सदर स्थित बांबे बाजार में शुक्रवार सुबह एक व्यापारी नेता पर जानलेवा हमला करने पहुंचे दो युवकों को व्यापारियों ने दबोच लिया, जबकि अन्य आरोपी युवक भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को दुकान के सामने स्कूटी खड़ी करने पर व्यापारी और युवकों में विवाद हुआ था।
बांबे बाजार स्थित एक म्यूजिक सेंटर के सामने बृहस्पतिवार को दो युवकों ने स्कूटी खड़ी की थी। व्यापारी नेता विशाल आनंद ने स्कूटी पार्किंग में खड़ी करने की बात कही तो उन्होंने अभद्रता कर दी। व्यापारियों की भीड़ लगी तो युवक वहां से चले गए। शुक्रवार को उक्त दोनों युवक अपने दर्जनों साथियों को लेकर विशाल आनंद (सौगात गिफ्ट गैलरी शॉप मालिक) पर हमला करने पहुंचे। इसकी जानकारी पर सदर बाजार व्यापार मंडल अध्यक्ष विक्की दुआ, महामंत्री अमित बंसल, अमित सिंघल, अमरदीप वाधवा, गौरव समेत व्यापारियों की भीड़ लग गई। व्यापारियों ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। बाद में व्यापारियों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में हंगामा भी किया।
समझौता हुआ, छोड़े आरोपी
इंस्पेक्टर सदर बाजार प्रशांत कपिल का कहना है कि व्यापारियों और युवकों के परिजनों में समझौता हो गया। जिसके बाद दोनों युवकों को चेतावनी देकर उनके परिजनों को सौंप दिया। हमला करने आए सभी युवक कंकरखेड़ा के रहने वाले थे। पुलिस का कहना है कि मामूली बात पर विवाद हुआ था। सीसीटीवी कैमरे देखे गए, जिसमें मारपीट नहीं हुई।
खास बात
व्यापारियों ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंपा, अन्य युवक भागे