- परीक्षा देने आए छात्र को पीटने आए थे बिगडै़ल बेटे
- तीन आरोपी पुलिस हिरासत में, दिनभर चला हंगामा
फोटो
मेरठ। कैंट स्थित वेस्ट एंड रोड पर शुक्रवार को पुलिसवालों के बिगडै़ल बेटों में उत्पात मचाया। आरोप है कि परीक्षा देने आए एक छात्र को यह युवक पीटने पहुंचे थे। छात्र के परिजनों ने इन उत्पाती युवकों को पकड़ा और पुलिस को सूचना दी।
कैंट स्थित वेस्ट एंड रोड के एक स्कूल में सीबीएसई इंटर की परीक्षा देने आए कंकरखेड़ा के छात्र को रोहटा रोड के पांच-छह युवक पीटने के लिए पहुंचे थे। छात्र का तीन युवकों से दो दिन पहले झगड़ा हुआ था। जिसके चलते छात्र के परिजन भी उसके साथ आए थे। मारपीट करने आए तीनों युवकों को छात्र के परिजनों ने पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस आरोपी तीन युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में बता चला है कि एक युवक दरोगा व दो युवक सिपाही के बेटे है। देर शाम तक पुलिस इस मामले की जांच करती रही।
एक छात्रा को लेकर हुआ विवाद
एसओ सदर बाजार विजय गुप्ता के मुताबिक एक छात्रा को लेकर छात्रों के दो गुटों में विवाद हो गया था। पुलिस ने छात्रा के बारे में दोनों पक्ष के छात्रों से पूछताछ की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवकों ने बताया है कि छात्रा उनकी परिचित थी। दो दिन पहले छात्रा को हाथ हिलाकर हाय बोला था, जिस पर दूसरे पक्ष केे छात्रा ने आपत्ति जताई थी। दूसरे पक्ष के छात्र का कहना था कि छात्रा उसकी बहन है। हाय बोलने पर उसने आपत्ति की तो युवक ने गाली गलौज कर दी। युवक भी वेस्ट एंड रोड स्थित एक स्कूल से इंटर पास कर चुका है।