कपड़ा व्यापारी पर घर में घुसकर फायरिंग
मेरठ। अहमदनगर में शनिवार दोपहर को आधा दर्जन युवकों ने कपड़ा व्यापारी के घर में घुसकर हमला कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने पिस्टल से फायरिंग कर दी।
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के अहमदनगर निवासी उमरद्दीन उर्फ चुन्नू पुत्र सिराजुद्दीन कपड़ा व्यापारी हैं। दस दिन पहले उनकी अहमदनगर में रहने वाले एक युवक से कहासुनी हो गई थी। शनिवार दोपहर उक्त युवक आधा दर्जन युवकों के साथ व्यापारी के घर पहुंचा और मारपीट शुरू कर दी। परिवार के लोगों ने बचाने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग कर दी। पीड़ितों ने किसी तरह कमरे में घुसकर जान बचाई। इसके बाद हमलावरों ने गेट को तोड़ने की कोशिश की। बाद में लोग पहुंचे तो आरोपी फायरिंग कर भाग गए। सूचना पर पहुंची लिसाड़ीगेट पुलिस ने मौके से चार खोखे बरामद किए हैं। पीड़ित ने तहरीर दी है। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला का कहना है तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।