- कोर्ट मैरिज होने का दावा, पुलिस जांच में जुटी
मेरठ।
प्रेमिका का उसके परिजनों ने दूसरी जगह रिश्ता तय कर दिया। आज उनके घर पर बारात आने वाली है और प्रेमी शादी रुकवाने की जिद पर अड़ा है। प्रेमी ने एसएसपी व डीएम ऑफिस में शिकायती पत्र भेजकर चेतावनी दी कि अगर शादी नहीं रुकी तो वह आत्मदाह कर लेगा।
दौराला थानाक्षेत्र के जैनपुर गांव का एक युवक रविवार को पहले डीएम और फिर एसएसपी ऑफिस पहुंचा। उसका दावा है 25 जुलाई को एक युवती से उसकी कोर्ट मैरिज हुई थी। अब ससुराल वाले उसकी पत्नी की दूसरे युवक से शादी करना चाहते है। हालांकि पुलिस का दावा है कि लड़की नाबालिग है। युवक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज है।
आरोपी युवक ने बताया कि सोमवार सुबह लड़की (प्रेमिका) की बारात आनी तय है। पुलिस ने बारात नहीं रुकवाई तो वह आत्मदाह कर लेगा। परिजनों ने प्रेमिका को बंधक बनाया हुआ है और जबरन शादी करना चाहते हैं। एसओ इंचौली पंकज शर्मा का कहना है कि युवक मुल्जिम है। लड़की की शादी की कोई जानकारी पुलिस के पास नहीं है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेजेगी।