मेरठ। तीन दिन से लापता व्यापारी की बरामदगी और आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर परिवार की महिलाओं ने परतापुर थाने में जमकर हंगामा किया। वे थाने में ही धरना देकर बैठ गईं। पुलिस से भी उलझ गईं। सीओ ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराकर और कार्रवाई का आश्वासन देकर महिलाओं का धरना खत्म कराया।
शताब्दी नगर सेक्टर पांच निवासी अनिल प्रजापति (36) की घोपला रोड़ पर इलेक्ट्रिक सामान की दुक ान है। अनिल के भाई राकेश ने शनिवार को दी तहरीर में आरोप लगाते हुए बताया था कि अनिल से उसके दोस्त गौरव वर्मा ने दो साल पहले छह लाख रुपये उधार लिए थे, लेेकिन वापस नही लौटाए। बीते बृहस्पतिवार को गौरव ने अनिल को हिसाब करने की बात कहकर बुलाया था। अनिल गौरव के भाई सौरभ के साथ गया था। लेकिन उसके बाद से लौटा नहीं।
रिपोर्ट दर्ज न होने पर रविवार सुबह अनिल के परिजन और दर्जनों महिलाएं परतापुर थाने पहुंचीं और धरना देकर बैठ गईं। आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। आरोपी भाईयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पुलिस ने शनिवार को ही गौरव को पकड़ लिया था। लेकिन बाद में छोड़ दिया। पुलिस यदि सख्ती से पूछताछ करे तो पूरा मामला सामने आ सकता है।
महिलाएं बेहोश होने से मचा हड़कंप
महिलाओं ने ऐलान कर दिया कि जब तक पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी, वे थाने से नहीं हटेंगी। पुलिस ने समझाने की कोशिश की। लेकिन वे नहीं मानीं। इस बीच कुछ महिलाएं बेहोश हो गईं तो थाने में हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ल थाने पहुंचे और महिलाओं की बात सुनी। बताया कि अनिल का मोबाइल फोन बंद चल रहा है। पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की जाएगी और अनिल की बरामदगी का पूरा प्रयास होगा। उन्होंने इंस्पेक्टर परतापुर को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
दिल्ली-गाजियाबाद भेजीं टीमें
इंस्पेक्टर परतापुर रघुराज सिंह ने बताया कि गौरव और सौरभ वर्मा के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के मोबाइल फोन की सीडीआर निकलवाई जा रही हैं। कुछ जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर अनिल की तलाश में दो टीमें दिल्ली और गाजियाबाद भेजी गई हैं।
खास बात
तीन दिनों से लापता व्यापारी की बरामदगी की मांग कर रही थीं
सीओ ने अपहरण का केस दर्ज कराया, कार्रवाई का भरोसा दिया