मेरठ। एसएसपी ने मंगलवार शाम शहर सराफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था परखी। सराफा व्यापारियों से बात की। व्यापारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और पूर्व में हुईं घटनाओं के खुलासे की मांग उठाई।
बागपत के अमीनगर सराय कस्बे में सराफ के यहां हुई डकैती के बाद सराफा बाजारों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश एडीजी जोन ने दिए थे। जिसके चलते एसएसपी मंजिल सैनी एसपी सिटी मान सिंह चौहान, सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ल और देहली गेट थाना पुलिस के साथ बाजार में पहुंचीं। उन्होंने सराफा बाजार, वैली बाजार, नील की गली, कागजी बाजार में पैदल मार्च किया। सराफा व्यापार एसोसिएशन नील की गली के मंत्री दिनेश रस्तोगी, मुकुल अग्रवाल आदि पदाधिकारियों ने एसएसपी को वे स्थान दिखाए, जहां पूर्व में घटनाएं हो चुकी हैं।
व्यापारियों ने बताया कि सराफा बाजार में पूर्व में कई बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। तलाशी के नाम पर कई व्यापारियों से लाखों का सोना और रुपये ठगे गए हैं। एक ही गैंग ये काम कर रहा है। आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए। लेकिन अभी तक पुलिस उन्हें नहीं पकड़ सकी। इस वजह से बदमाश लगातार वारदात कर रहे हैं। व्यापारियों ने उसने प्रमुख बाजारों में पुलिस बल बढ़ाने की मांग की।
एसएसपी ने कहा कि वैली बाजार, कागजी बाजार, सराफा बाजार, नील की गली और लाला का बाजार में दो-दो पुलिस कर्मियों की पांच पिकेट पुलिस लाइन से लगा दी गई हैं। ये पुलिसकर्मी देहली गेट थाने से अटैच किए गए हैं। बिना लिखित सूचना के यहां से नदारद मिले तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। यहां घटनाएं करने वाले कई संदिग्धों को पुलिस ने चिह्नित किया है। इन पर वर्क किया जा रहा है। जल्द ही बेहतर परिणाम आएंगे। इस मौके पर व्यापारी लोकेश अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, नीरज वर्मा, अनुराग अग्रवाल, सचिन, कोमल वर्मा आदि मौजूद रहे।
35 कैमरे लगेंगे
मंत्री दिनेश रस्तोगी ने बताया कि व्यापारियों ने अपनी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं। लेकिन अब एसोसिएशन की ओर से नील की गली में 35 नए सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। इसका कंट्रोल रूम भी बनेगा।
खास बात
- अमीनगर सराय में सराफ के यहां डकैती के बाद एसएसपी ने परखी सराफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था
- सराफा व्यापारियों ने पुराने मामले वर्कआउट करने और बाजार में पुलिस बल बढ़ाने की मांग की