सभी केंद्र
मेरठ। लिसाड़ी गेट में बाइकों का मिनी सोतीगंज चल रहा था। लिसाड़ी गेट पुलिस ने इसका खुलासा कर चोरी के 14 वाहनों के साथ मैकेनिक समेत तीन आरोपी दबोचे हैं। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह और सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला ने प्रेसवार्ता में बताया कि लिसाड़ी गेट मेन चौराहे पर इस्लाम की दुकान में चोरी की बाइक काटी जाती थीं। इंस्पेक्टर रघुराज सिंह ने बाइकों की जांच पड़ताल की तो चोरी की निकलीं। इस्लाम निवासी सराय बहलीम कोतवाली से पूछताछ के बाद उसके दो साथियों शाहरुख निवासी जलालपुर इंचौली और छत्रपाल निवासी गजरौला, अमरोहा को गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से पांच स्कूटी, तीन पैशन बाइक, एक बुलेट, दो पल्सर और तीन स्पेलेंडर बाइक बरामद की गईं। ये आरोपी चोरी के वाहन इस्लाम की दुकान में रखते थे। इस्लाम बाइक व स्कूटी काटने के बाद स्पेयर पार्ट्स बेच देता था। कुछ बाइकों को सोतीगंज में भी बेचा गया है। गैंग का सरगना शाहरुख है। यह गैंग दिल्ली और पश्चिमी यूपी के जिलों से बाइक चोरी करता था। पुलिस से बचने के लिए चोरी के वाहनों को सुबह पांच और छह बजे लेकर चलते थे, उस समय पुलिस की चेकिंग कम रहती है।