मेरठ। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में एथलेटिक्स कोच पर हमला करने वाले दो आरोपी शेखर और अंशुल को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। दोनों आरोपियों ने बताया कि कोच उनका शोषण कर रहे थे। कई बार उन्हें समझाया, लेकिन वह नहीं माने। उनको कोई पछतावा नहीं है। खरखौदा के उलधन गांव निवासी संदीप रंधावा पुत्र डालचंद स्टेडियम मेें एथलेटिक्स कोच हैं। बृहस्पतिवार शाम संदीप को स्टेडियम में गोली मार दी गई थी। पुलिस ने आरोपी शेखर भाटी निवासी अकबरपुर बहसूमा, अंशुल निवासी निड़ावली हस्तिनापुर को कमिश्नर आवास के पास से गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेजा। आरोपी शेखर से तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं। इंस्पेक्टर सिविल लाइन नीरज मलिक ने बताया कि तीसरे आरोपी मनीष का नाम भी सामने आ रहा है, लेकिन उसका अभी पता नहीं लग रहा।