मेरठ। भावनपुर से करीब 11 माह से अपहृत चल रही किशोरी को इंचौली पुलिस ने दिल्ली से बरामद कर लिया। पता चला कि अपहरण का आरोपी युवक गुजरात जेल में है। वहीं, किशोरी ने युवक के साथ निकाह करने का दावा किया, जिस पर पिता ने पंचायत बुलाकर कहा कि वह इस निकाह को नहीं मानेंगे।
मामला भावनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। एक पूर्व प्रधान की करीब 15 साल की बेटी का विगत 20 अगस्त को अपहरण हो गया था। भावनपुर थाने में अपहरण का केस दर्ज हुआ था। परिजनों ने बेटी की बरामदगी की मांग की। लेकिन आरोप है कि भावनपुर पुलिस परिजनों पर ही किशोरी की हत्या का आरोप लगाने लगी। शिकायत पर तत्कालीन एसएसपी मंजिल सैनी ने इसकी विवेचना इंचौली पुलिस को दी थी।
तीन दिन पहले इंचौली पुलिस ने किशोरी को दिल्ली से बरामद कर महिला थाने के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार जिस आरोपी युवक से किशोरी ने निकाह करने की बात कही है, उस पर कई मामले दर्ज हैं और कुछ दिनों पहले ही गुजराज पुलिस उसे दिल्ली से गिरफ्तार ले गई थी।
बयान तय करेंगे भविष्य
किशोरी की मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट नहीं आयी। एसओ महिला थाना नेहा चौहान का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। कोर्ट के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत में नहीं बनी बात
इस मामले में गांव में पंचायत हुई। जिसमें कहा गया कि आरोपी युवक की उम्र किशोरी से करीब 13 साल ज्यादा है। आरोपी की पहले ही शादी हो चुकी है और तीन बच्चे हैं। वहीं, किशोरी के पिता ने साफ कहा कि उसकी बेटी नाबालिग है, उसके कागजात पुलिस को दे दिए हैं। यह साजिशन निकाह कराया होगा। वह बेटी को अपने घर ले जाना चाहते हैं। आरोपी से कोई समझौता नहीं होगा।
दूसरी किशोरी के अपहरण से खुला केस
एसओ इंचौली पंकज कुमार के अनुसार 15 दिन पहले पूर्व प्रधान के गांव से एक अन्य किशोरी का अपहरण हो गया था। जांच में पता चला कि आरोपी इमरान के भाई ने ही अपहरण किया। जिसके बाद भावनपुर में केस दर्ज हुआ। इस अपहरण के केस से पूर्व प्रधान की बेटी के अपहरण का केस खुला और किशोरी बरामद की गई।
दरोगा की भूमिका संदिग्ध
पूर्व प्रधान की बेटी को पुलिस ने बरामद किया है। इस मामले में भावनपुर के एक दरोगा की भूमिका की जांच की जा रही है। किशोरी के कोर्ट में बयान के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी। आरोपी इमरान गुजरात की जेल में बताया गया है। -राजेश कुमार, एसपी देहात