मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र में मंगलवार रात युवक से लूटपाट और दाढ़ी काटने का मामला बुधवार देर रात तूल पकड़ गया। घटना के विरोध में सैकड़ों लोगों ने ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित नलकूप चौराहे पर जाम लगाकर हंगामा किया। जाम खुलवाने पहुंची पुलिस से भी लोग उलझ गए। सीओ ब्रह्मपुरी अखिलेश भदौरिया और इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी ने मामला शांत कराया। इस दौरान लोगों ने कहा कि सरे राह हुई इस घटना के आरोपियों का पुलिस अभी तक पता नहीं लगा सकी। युवा सेवा समिति के बदर अली आदि ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया गया।