मेरठ। सपा से शहर विधायक रफीक अंसारी पर पार्टी के ही एक नेता ने धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित सपा नेता ने सोमवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत दर्ज कराते हुए मोबाइल फोन पर मिली धमकी की एक सीडी भी सौंपी। पुलिस ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अहमदनगर निवासी बुंदू खां अंसारी ने पहले एक शिकायती पत्र क लक्ट्रेेट में दिया। उसके बाद एसएसपी ऑफिस पर एसपी देहात से शिकायत की। शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि वह सपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव हैं। विधायक रफीक अंसारी से उन्हें जान का खतरा है। आरोप लगाया कि गुलशेर मलिक के फोन पर विधायक ने जो धमकी दी थी, उसकी रिकॉर्डिंग भी है।
बुंदू खां ने शिकायत में बताया कि उसका बेटा शाहिद बुंदू, गुलशेर मलिक और निसार पहलवान वार्ड 82 से पार्षद का टिकट मांग रहे थे। गुलशेर ने विधायक से टिकट मांगा। आरोप है कि विधायक ने कहा कि मलिक को नहीं अंसारी को टिकट दिया जाएगा। इस पर उसने बुंदू खां के बेटे का नाम लिया तो विधायक ने अभद्र शब्द कहते हुए फोन पर धमकी दी। एसपी देहात राजेश कुमार ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मुझे बदनाम करने की साजिश
शहर विधायक रफीक अंसारी का कहना है कि धमकी देने का आरोप गलत है। धमकी की कोई भी रिकॉर्डिंग में मेरी आवाज नहीं है। कुछ लोग लोकप्रियता पाने के लिए झूठा आरोप लगाकर मुझे बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करे।
खास बात
- रफीक अंसारी के खिलाफ बुंदू खां अंसारी ने की शिकायत, सीडी भी सौंपी