- सरकारी वाहन पर पथराव, महिला सिपाही समेत तीन पुलिसकर्मी घायल
- चार सगे भाई बेचते हैं अवैध शराब, माफिया की मां हिरासत में
- मवाना के खेड़ी मनिहार गांव में आबकारी टीम दबिश देने पहुंची थी
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ/मवाना।
सहारनपुर में जहरीली शराब कांड के बाद प्रदेश भर में शराब माफिया के खिलाफ अभियान चल रहा है। सोमवार को आबकारी विभाग की टीम मुखबिर की निशानदेही पर मवाना के खेड़ी मनिहार गांव पहुंची। टीम ने अवैध शराब के साथ दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। तभी उनके परिजन और ग्रामीणों ने टीम पर हमला बोलकर दोनों भाइयों को छुड़ा लिया। हमले में आबकारी विभाग की एक महिला सिपाही समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों की मां को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक मवाना के खेड़ी मनिहार गांव में विकास उर्फ छोटू, नितिन, जीतू और कालू अवैध शराब बेचते हैं। इसकी सूचना पर सोमवार को आबकारी विभाग के प्रवर्तन दल के निरीक्षक भवानी प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल पंकज पुंडीर, राजकुमार तोमर, जीत सिंह, बुद्देश, अशोक, महिला सिपाही सुमन खेड़ी मनिहार गांव दबिश देने पहुंचे। आबकारी टीम ने 14 पेटी अवैध शराब के साथ विकास और नितिन को पकड़ लिया। टीम ने दोनों को गाड़ी में बैठाया तो माफिया के परिजनों ने हमला बोलकर दोनों आरोपियों को छुड़ा लिया।
परिजनों ने हल्ला मचाया कि बदमाश आए हैं। इस पर ग्रामीणों ने आबकारी टीम पर पथराव कर दिया। टीम वहां से भागने लगी तभी महिला सिपाही सुमन, सिपाही पंकज पुंडीर व बुद्देश वहां फंस गए। तीनों को ग्रामीणों ने पीटा। महिला सिपाही ने यूपी 100 पर कॉल कर दी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को हटाया और तीनों पुलिसकर्मियों को अस्पताल पहुंचाया। हमले के आरोप में पुलिस ने आरोपियों की मां कुंतश को हिरासत में लिया।
गाड़ी छोड़कर भागे इंस्पेक्टर
ग्रामीणों के हमला करते ही इंस्पेक्टर और तीन पुलिसकर्मी गाड़ी छोड़कर भाग गए तो ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने बताया कि पथराव करने में पूनम, संतोष, कुंतेश, संगीता, योगेंद्र समेत दस लोग थे। गाड़ी में रखी शराब भी उतार ली। आरोपियों की मां कुतेश की निशानदेही पर पुलिस को महज 35 पव्वे ही मिल सके। आबकारी विभाग के प्रवर्तन दल के निरीक्षक की तहरीर पर मवाना थाने में दस लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ।
माफिया की पुलिस से सांठगांठ
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस से साठगांठ करके ही माफिया अवैध शराब का धंधा चल रहा है। पुलिस ने कभी उनको नहीं पकड़ा। आबकारी विभाग को भनक तो वह बिना पुलिस को सूचना दिए पहुंच गई। लेकिन आरोपियों ने उन पर हमला किया।
कई थानों के फोर्स ने दबिश दी
गांव खेड़ी मनिहार में आबकारी प्रवर्तन दल पर हमला करने के आरोपी के यहां सोमवार देर शाम सीओ पंकज कुमार के नेतृत्व में मवाना, हस्तिनापुर, बहसूमा व फलावदा थाने की फोर्स ने दबिश दी। इस दौरान आरोपी घर पर ताला लगाकर फरार मिले। पुलिस को यहां तलाशी के दौरान कुछ हाथ नहीं लग सका।