पेड़ पर लटका मिला युवक का शव
मेरठ। परतापुर के शताब्दी नगर सेक्टर चार में एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
रविवार सुबह किसानों ने शताब्दीनगर स्थित एक खेत में नाले के पास युवक का शव पेड़ पर लटका देखा। युवक के गले में दो शर्ट बंधी थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो युवक की पहचान किला परीक्षितगढ़ के गांव अमरपुर निवासी अंकित (19) पुत्र कंवरपाल के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार अंकित के पिता की करीब दो साल पहले मृत्यु हो गई थी। युवक परतापुर के इंद्रापुरम में एक टेंट की दुकान पर काम करता था। पुलिस के अनुसार युवक के परिजनों ने बताया कि शनिवार शाम वह घर से गया था। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है, वहीं ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। उधर, इंस्पेक्टर परतापुर का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।