कंकरखेड़ा। साइकिल चोरी कर भाग रहे एक युवक को पकड़कर लोगों ने पुलिस को सौंप दिया। दोपहर बाद वही साइकिल फिर थाने से चोरी हो गई। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी में विकास परिवार के साथ रहता है। विकास के मुताबिक मंगलवार सुबह उसकी रेंजर साइकिल घर के बाहर खड़ी थी। इस बीच एक युवक साइकिल चोरी कर ले जाने लगा। पड़ोसी ने विकास को इसकी जानकारी दी। दोनों ने चोर का पीछा कर जेवरी गांव के पास पकड़ लिया। सूचना पर डायल 100 पहुंची। चोर को साइकिल सहित थाने ले आई। दोपहर के समय जब युवक चोर के खिलाफ तहरीर देने पहुंचा तो पता चला उसकी साइकिल थाने से फिर चोरी हो गई है। विकास के मुताबिक उसके सामने थाने के सिपाही ने साइकिल को थाने के अंदर खड़ा किया था। उधर, इंस्पेक्टर सचिन मलिक के मुताबिक घटना के बाद केवल चोर को थाने लाया गया था। उन्होंने बताया कि रेंजर साइकिल को थाने में लाया ही नहीं गया।