अमर उजाला ब्यूरो
गंगानगर (मेरठ)।
इंचौली में कार सवार बीस से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने वार्ड 26 से जिला पंचायत सदस्य के घर धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर में मौजूद जिपं सदस्य की मां, पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करते हुए कनपटी पर पिस्टल लगा दी और वोट देने आने पर हत्या करने की धमकी दी। बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ डाले और डीवीआर अपने साथ ले गए। बदमाशों ने नौकर का भी अपहरण कर लिया। हालांकि बाद में उसे डिवाइडर रोड पर छोड़ कर चले गए। परिजनों ने इंचौली थाने में जिपं अध्यक्ष पद प्रत्याशी के पिता और हस्तिनापुर विधायक के खिलाफ तहरीर दी है।
वार्ड- 26 से भाजपा जिला पंचायत सदस्य विक्की तनेजा इंचौली में परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार शाम करीब चार बजे घर में विक्की की मां सुषमा, पत्नी अंजलि और छोटी भाभी कंचन व बच्चे मौजूद थे। परिजनों के मुताबिक इस दौरान हथियारबंद करीब बीस से अधिक युवक घर में घुस आए। युवकों ने सबसे पहले विक्की तनेजा की माता सुषमा को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। उसके बाद पत्नी अंजलि की कनपटी पर पिस्टल लगा दी। युवकों ने धमकी दी कि अगर कल विक्की वोट डालने पहुंचा तो उसकी लाश ही मिलेगी। युवकों ने इस दौरान बच्चों के साथ भी मारपीट की।
विधायक को फोन किया तो छोड़ा नौकर
इसके बाद बदमाश नौकर पिंटू पुत्र मित्रसेन को पीटते हुए कार में डालकर ले गए। अंजलि ने बताया कि उन्होंने हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक को फोन कर घटना की जानकारी देते हुए इस तरह की हरकत न करने की बात कही। इसके बाद विधायक ने पंद्रह मिनट के भीतर नौकर को छोड़ देने की बात कही। परिजनों की मानें तो बदमाशों ने नौकर को गंगानगर डिवाइडर रोड पर इंचौली के लिए ऑटो में बैठा दिया था। परिजनों ने विधायक दिनेश खटीक और जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी कुलविंदर के पिता मुखिया गुर्जर व अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं इंचौली पुलिस ने मुखिया गुर्जर और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, हस्तिनापुर विधायक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज न होने पर विक्की तनेजा के समर्थक थाने पहुंचे।
घर के बाहर कार में बैठे थे मुखिया गुर्जर
अंजलि के मुताबिक बदमाश नौकर को अपने साथ ले जाने लगे तो वह उनके पीछे दौड़ पड़ी। इस दौरान उसने देखा कि घर से कुछ दूरी पर कार में मुखिया गुर्जर बैठा हुए हैं। बाद में वह बदमाशों की गाड़ी के साथ चले गए।
थाने के बराबर में हुई घटना
विक्की तनेजा के घर की दीवार इंचौली थाने से मिली हुई है। घटना के समय करीब दो दर्जन से अधिक हथियारबंद युवक घर में घुसे और मारपीट की, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी। परिजनों की मानें तो यूपी- 100 और इंचौली थाना पुलिस के सीयूजी नंबर पर कॉल करने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
वो गलत आदमी को उठा लाए हैं
अंजलि ने जब विधायक दिनेश खटीक को फोन किया तो विधायक ने कहा कि वह नौकर को गलत उठा लाए है, ऐसा ठीक नहीं है। इसके आधे घंटे बाद नौकर इंचौली पहुंच गया। नौकर के मुताबिक बदमाश उसे गंगानगर आई ब्लॉक चौराहे स्थित एक घर पर लेकर पहुंचे थे। कुछ देर बाद फोन आने पर बदमाशों ने उसे छोड़ दिया।
घर में घुसकर महिलाओं और बच्चो से अराजकता की गई है। तहरीर के आधार पर मुखिया गुर्जर और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर विक्की के घर पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। अशोक कुमार, एसओ इंचौली
मैं मीटिंग में था
आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। चुनावी माहौल को साजिश के तहत तनाव की तरफ मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मैं सर्किट हाउस एनेक्सी में पार्टी की मीटिंग में था। मुखिया गुर्जर
आरोप बेबुनियाद हैं
मेरा इस मामले से कोई संबंध नहीं हैं। मेरे ऊपर लगे आरोप बेबुनियाद हैं। दिनेश खटीक, विधायक
खास बात
इंचौली गांव में विक्की की मां, पत्नी और बच्चों के साथ की मारपीट, नौकर का किया अपहरण
धमकी दी, विक्की तनेजा ने वोट डाली तो मार देंगे, विधायक दिनेश खटीक और मुखिया गुर्जर पर आरोप