मेरठ। शास्त्रीनगर में सेंट्रल मार्केट पुलिस चौकी के पास शनिवार दोपहर एक्टिवा सवार दो मनचलों ने स्कूटी सवार एक युवती से छेड़छाड़ कर दी। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने एक मनचले को एक्टिवा से खींचकर धुन दिया। जबकि दूसरा आरोपी फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसे माफी मांगने पर छोड़ दिया।
शास्त्रीनगर निवासी यह युवती दोपहर को अपनी सहेली से मिलकर सेंट्रल मार्केट से स्कूटी से अपने घर लौट रही थी। इस बीच एक्टिवा सवार दो मनचलों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही युवती आरटीओ रोड पर पुलिस चौकी के पास पहुंची तो आरोपी दोनों युवकों ने उसकी स्कूटी रोकते हुए उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। युवती के शोर मचाने पर आरोपी युवकों ने वहां से थोड़ा आगे जाकर एक्टिवा रोक ली और पीछे की तरफ देखने लगे। आसपास के लोगों ने एक्टिवा की घेराबंदी कर एक मनचले को एक्टिवा से खींचकर उतार लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। जबकि उसका साथी मौका पाकर एक्टिवा लेकर फरार हो गया।
सूचना पर यूपी 100 और नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। लेकिन पीड़िता ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराने से इंकार कर दिया। पकड़ा गया आरोपी पुलिस से माफी मांगने लगा, जिसके बाद पुलिस ने उसे थाने लाने के बजाया उसका नाम पता नोट कर उसे मौके पर ही छोड़ दिया। एसओ नौचंदी उमेशचंद पचौरी ने कहा कि कोई तहरीर नहीं मिली।
- शास्त्रीनगर में सेंट्रल मार्केट पुलिस चौकी के पास वारदात
- युवती ने तहरीर नहीं दी तो पुलिस ने आरोपी माफी मांगने पर छोड़ा