अमर उजाला ब्यूरो
सरूरपुर। गांव अमानुल्लापुर में तीन दिन पहले हुई इलेक्ट्रोनिक्स की दुकान में हजारों रुपये की चोरी का पुलिस ने तीसरे दिन ही खुलासा कर दिया। पुलिस ने हिरासत में लिये एक आरोपी से पूछताछ के बाद उसके तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि गांव अमानुल्लापुर में गौरव पुत्र जगपाल ने तीन पूर्व थाने पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि मंगलवार रात उसकी दुकान का ताला तोड़कर, चार एलईडी, दो टीवी, दो इन्वर्टर, 6 बैटरी समेत लाखों के सामान को चोरी हो गया। पुलिस ने उसी दिन शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया हुआ था। वहीं, थाना प्रभारी धनवीर सिंह का कहना है कि चोरी की घटना का खुलासा कर दिया है। दरोगा राहुल बालियान ने बताया कि पकडे़ गए आरोपी से पूछताछ के बाद पूरा मामला खुल गया। उसने अपने साथियों के नाम पुलिस को बताते हुए चोरी का माल भी बरामद करा दिया। गिरफ्तार आरोपी दीपक पुत्र बाबूराम निवासी नूरनगर थाना ब्रह्मपुरी मेरठ, दीपक पुत्र राजेंद्र निवासी गोविंदपुरी थाना खरखौदा, राजपाल पुत्र रामपाल व रोहित पुत्र राजपाल सभी खरखौदा के निवासी हैं। इनके कब्जे से पुलिस ने चोरी गया माल बरामद कर लिया है। चोरों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। एसएसपी ने चोरों को तीन दिन के भीतर पकड़ने वाली टीम की पीठ थपथपाई है।
मुख्य बातें
गांव अमानुल्लापुर में तीन दिन पहले इलेक्ट्रोनिक्स की दुकान में हुई थी हजारों रुपये की चोरी