फायरिंग से गांव में फैली दहशत, सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दी दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। थाना क्षेत्र के सीना गांव में बृहस्पतिवार देर रात दो पक्षों में रंजिशन मारपीट हो गई। इस दौरान फायरिंग भी हुई। इससे गांव में दहशत उत्पन्न हो गई। ग्रामीणों की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली।
गांव निवासी सलेख चंद ने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति से उनका विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि बृहस्पतिवार देर रात आरोपी पक्ष ने उनके घर पर हमला बोल दिया और मारपीट शुरू कर दी। जिसे देख उनके परिजन भी आ गए और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान आरोपी पक्ष ने फायरिंग शुरू कर दी। गांव में लगभग आधा दर्जन राउंड फायरिंग हुई। जिस कारण गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीण अपने घरों में घुस गए और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। वहीं, आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ सका। पीड़ित सलेख चंद ने गांव निवासी शुभम एवं तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी संजय कुमार का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।