हस्तिनापुर के लोगों का एसएसपी ऑफिस पर हंगामा
मेरठ। हस्तिनापुर के लोगों ने पुलिस पर मारपीट व घर में घुसकर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को एसएसपी ऑफिस पर हंगामा कर दिया। शहजादपुर मानपुर निवासी ईश्वर सिंह ने आरोप लगाया कि एक सप्ताह पूर्व सादी वर्दी में हस्तिनापुर पुलिस के चार सिपाही उसके घर पर आए और उसे मारपीट करते हुए अपनी निजी गाड़ी में डाल लिया। साथ ही कहा तू शराब का काम करता है और पुलिस को महीना नहीं देता। जबकि आसपास के गाव में शराब का काम करने वाले कई लोग उन्हें पैसे देते हैं। इसके बाद पुलिस कर्मी उसे थाने में ले गये और पूरी रात उसकी पिटाई की। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस की एक शराब माफिया से साठगांठ है, जिसके कहने पर पुलिस उसे प्रताड़ित कर रही है। लोगों ने कहा कि आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कार्रवाई की जाए। एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।