मेरठ। परतापुर गांव में बुधवार रात प्रापर्टी डीलर को फोन पर धमकी देने के बाद घर पर फायरिंग कर दी गई। परिजन बाल-बाल बचे। पीड़ित पक्ष ने दो नामजद सहित चार के खिलाफ तहरीर दी है।
परतापुर निवासी किसान प्रभात कुमार का प्रापर्टी का भी काम है। प्रभात के अनुसार बुधवार रात राहुल नाम के व्यक्ति ने मोबाइल पर कॉल कर गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद ही स्कूटी और एक बाइक पर चार लोग उनके घर पहुंचे और उसकी मां और पत्नी से गालीगलौज करते हुए फायरिंग कर दी। शोर मचने पर आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए। एसएसआई परतापुर संजय कुमार ने बताया कि घर के दरवाजे पर गोलियों के निशान मिले हैं। प्रभात ने राहुल और मोहित निवासी इंद्रापुरम को नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मामला प्रापर्टी विवाद का लग रहा है। दोनों पक्ष एक-दूसरे को जानते हैं।