छात्रा की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील पोस्ट डाली
मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र में रहने वाली 12वीं कक्षा की छात्रा के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर किसी युवक ने उस पर अश्लील पोस्ट डाल दी। छात्रा को मामले की जानकारी मिली तो उसने परिवार वालों को फर्जी फेसबुक आईडी के बारे में बताया। परिजन छात्रा के साथ थाने पहुंचे और अज्ञात युवक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मंगलवार को लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की मदीना कॉलोनी निवासी युवती मां के साथ थाने पहुंची। उसने तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि किसी युवक ने उसके नाम के साथ एंगल जोड़कर एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाई है। उस फेसबुक आईडी पर उसकी फर्जी अश्लील फोटो बनाकर पोस्ट कर दी है। हद तो तब हो गई जब अज्ञात युवक ने इसी आईडी से युवती की असली फेसबुक आईडी पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज दी। जब युवती ने फेसबुक आईडी को चेक किया तो वह दंग रह गई। उसने उस फर्जी फेसबुक आईडी पर अपनी अश्लील फोटो देखकर परिजनों को अवगत कराया। पुलिस ने युवती की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मामले को साइबर सेल को भेज दिया है।