छाई कोहरे की चादर, हाईवे पर रेंगते रहे वाहन
मोदीपुरम। सर्दी के सीजन में रविवार को पहली बार घना कोहरा दिखाई दिया। शहर से लेकर देहात तक पूरे क्षेत्र को कोहरे ने अपने आगोश में ले लिया। कोहरे के चलते दृष्यता शून्य हो गई। सुबह 10 बजे तक भी कोहरा छाया रहा। कोहरे के साथ ही सर्दी भी बढ़ गई है। मौसम में चल रहे उतार चढ़ाव के बीच रविवार की सुबह अब तक का सबसे ज्यादा घना कोहरा रहा। कोहरा आधी रात से ही पड़ना शुरू हो गया, जो सुबह होने तक बढ़ता चला गया। सुबह 9 बजे तक भी हाईवे पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिस कारण दिल्ली-देहरादून हाईवे पर वाहन स्वामियों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। घने कोहरे के कारण 10 मीटर तक दिखना मुश्किल हो गया। कोहरे के चलते सुबह के समय सर्दी का असर बढ़ा हुआ दिखा।
मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सीजन में शनिवार की रात सबसे सर्द रही। रविवार को दिन और रात दोनों ही सबसे सर्द रहे हैं। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी तीन दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा। सुबह के समय कोहरा रहेगा और रात का तापमान 7 डिग्री के आसपास रहेगा। सर्दी का असर बढ़ेगा।
कोहरे में संभलकर चलाएं वाहन
- कोहरे में अपने वाहन की गति मध्यम रखें।
- वाहन का दोनों ओर का शीशा थोड़ा खोलकर रखें।
- हेड लाइट को ली बीम मोड पर रखें।
- वाहन चलाते समय वाइपर का अवश्य प्रयोग करें।
- यातायात निर्देश पट्टियों का विशेष ध्यान रखें।
- फॉग लाइट का इस्तेमाल करें।
- डिफॉगर का अवश्य इस्तेमाल करें।
- वाहन रोकते समय सड़क किनारे का ध्यान रखें, हजार्ड लाइट्स ऑन रखें।
- कोहरे में ड्राइविंग करते समय फोन पर बात न करें।
- दूसरी गाड़ियों को ओवरटेक करने की कोशिश न करें।
दिल्ली रोड पर सबसे ज्यादा प्रदूषण, 405 पहुंचा एक्यूआई
मोदीपुरम। पिछले दो-तीन दिन से लगातार मेरठ और आसपास का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बढ़ता जा रहा है। रविवार को मेरठ का औसत एक्यूआई 300 से नीचे आ गया, लेकिन सबसे ज्यादा प्रदूषण दिल्ली रोड पर रहा। यहां एक्यूआई 400 को पार कर गया, जो बहुत ही खराब श्रेणी में है। लगातार बढ़ता एक्यूआई का स्तर शहरवासियों को परेशान कर रहा है। रविवार को मेरठ का औसत एक्यूआई 278 दर्ज किया गया। गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर का एक्यूआई अभी भी 300 से ऊपर ही दर्ज किया गया है। जयभीमनगर का एक्यूआई 398, गंगानगर का 224 और पल्लवपुरम का 211 रहा, जबकि दिल्ली रोड का 405 दर्ज किया गया। औसत एक्यूआई में थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन अभी भी वह लाल श्रेणी में बना हुआ है।
सात दिन का तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
12 26.6 11.9
13 25.4 11.9
14 22.1 10.6
15 22.1 9.0
16 22.4 8.2
17 22.5 8.2
18 21.0 7.5
पिछले 18 दिन का एक्यूआई
तारीख एक्यूआई
1 175
2 281
3 221
4 201
5 201
6 184
7 154
8 226
9 256
10 263
11 182
12 116
13 155
14 152
15 229
16 310
17 374
18 278