गंगानगर (मेरठ)। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सरकार दलितों के अधिकारों को पूरा करने में फेल है। 3 दिसंबर को 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम आएंगे, इससे देश की राजनीति के समीकरण बदल जाएंगे। पूरे देश में जाति जनगणना के लिए आंदोलन होंगे।
चंद्रशेखर रविवार को इंचौली थाना क्षेत्र के गांव साधारणपुर में मृतक राज मिस्त्री इंदु शेखर के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। एक सप्ताह पहले पैसों के लेनदेन को लेकर राज मिस्त्री की हत्या हुई थी। चंद्रशेखर ने कहा कि मृतक के परिजनों को 50 लाख की आर्थिक मदद, सरकारी नौकरी, आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाए। चेतावनी दी यदि मांग पूरी नहीं होती तो 8 दिसंबर को डीएम कार्यालय पर महापंचायत होगी।
कसेरूबक्सर स्थित आंबेडकर धर्मशाला में उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर मार्ल्यापण किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास की बात करती है। मुख्यमंत्री दलित सम्मेलन कर रहे हैं, परंतु सीएम ने इस परिवार की संवेदना के लिए एक भी शब्द नहीं बोला। प्रदेश में कानून व्यवस्था दम तोड़ चुकी है। इस मौके पर अजय सागर, बिजेंद्र सूद, गोपाल प्रधान, योंगेंद्र कुनकुरा, रोहित प्रधान, हरकेश सिंह, संजय सिंह, सागर, दिनेश सिंह, विकास वर्मा, कृष्ण, सुरेंद्र मौजूद रहे। वहीं राज मिस्त्री की शोकसभा में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान भी पहुंचीं।
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती पर साधा निशाना
चंद्रशेखर ने बसपा सुप्रीमो मायावती पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस बहुजन समाज पार्टी को लोगों ने अपना समर्थन देकर पार्टी को शिखर तक पहुंचाया, आज उसी समाज के एक परिवार के सदस्य की हत्या हो जाती है और बहन जी कुछ नहीं कहतीं। इंडिया गठबंधन के सवाल पर कहा कि मैं इसका हिस्सा हूं।