दस दिन में तीसर बार स्थगित हुई निगम की बोर्ड बैठक
मेरठ। पिछले 10 दिनों में नगर निगम की बोर्ड बैठक तीसरी बार स्थगित हो गई है। कभी भी निकाय चुनाव की आचार संहिता लग सकती है। इसके बाद शहर के विकास कार्य अटक जाएंगे। बैठक में सड़कों की मरम्मत समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जानी थी। बताया गया है कि नगरायुक्त की ओर से बैठक के लिए 67 कर्मचारियों की तैनाती की गई थी।
इस माह में पहले 9 नवंबर को बैठक होनी थी, जिसे स्थगित कर 11 नवंबर को कर दिया गया था। इसके बाद महापौर सुनीता वर्मा ने बैठक स्थगित कर 16 नवंबर की तिथि निर्धारित कर दी थी। बोर्ड के सभी सदस्यों ने बैठक की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन मंगलवार शाम को महापौर ने बैठक स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया। अभी नई तिथि जारी नहीं की गई है। अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि बैठक को लेकर निगम अधिकारियों की ओर से पूरी तैयारी की गई थी। इसके लिए सभी कर्मचारियों को भी आदेश जारी किए गए थे।
निगम की थी पूरी तैयारी
निगम की ओर से बैठक की पूरी तैयारी की गई थी। बड़ा खेद का विषय है कि एक बार बैठक फिर स्थगित हो गई है। जो भी कारण रहे हों, बैठक स्थगित होने से फर्क पड़ेगा। अगर आचार संहिता लगती है तो विकास कार्य, बजट सभी चीजें प्रभावित होंगी। - अमित पाल शर्मा, नगरायुक्त, नगर निगम
नियम विरुद्ध लगाए कर्मचारी
सुनने में आया है कि नगर निगम अधिकारियों की ओर से पहली बार बोर्ड बैठक में 67 कर्मचारियों को लगाया गया था, जो नियम के विरुद्ध है। ऐसे में बोर्ड बैठक में सफाई कर्मचारी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचते, जिससे कोई हंगामा खड़ा हो सकता था। स्थिति को देखते हुए व कुछ अन्य कारणों के चलते बैठक को स्थगित किया गया। - सुनीता वर्मा, महापौर, नगर निगम