भाजपा महानगर अध्यक्ष, उनकी पत्नी और बेटी की रिपोर्ट आई नेगेटिव अभी 14 दिन रहेंगे क्वारन्टीन, और लोगों की भी होगी जांच पॉजिटिव आ चुके भाजपा नेता और उनके भाई के संपर्क वालों की तैयार की जा रही सूची मेरठ। भाजपा महानगर अध्यक्ष, उनकी पत्नी और बेटी की कोरोना की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। हालांकि अभी उन्हें 14 दिन क्वारन्टीन में रहना पड़ेगा। सीएमओ डॉ राजकुमार ने इसकी पुष्टि की है। दूसरी तरफ उनके करीबी भाजपा नेता और उसके भाई जो कोरोना पाजिटिव आ चुके हैं उनके संपर्क वालों की सूची तैयार की जा रही है। उनकी जांच कराई जाएगी। महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल कोरोना निगेटिव पाये जाने के बाद भाजपा नेताओं ने राहत की सांस ली है। स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें परिवार समेत बाइपास स्थित बीआइटी कालेज में क्वारन्टीन किया हुआ है। अब रिपोर्ट आने के बाद भी महानगर अध्यक्ष को 14 दिन वहीं रहना होगा। पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष को उनके निवास पर ही क्वारंटीन रहने की अपील की थी। लेकिन बाद में उन्हें बीआईटी में क्वारन्टीन किया गया। वहां डाक्टरों और स्टाफ की ड्यूटी लगी है। सांसद व विधायक से लेकर कार्यकर्ता भी फोन पर महानगर अध्यक्ष का हालचाल पूछते रहे। हालांकि अभी खतरा पूरी तरह से टला नहीं हैं। अभी और लोगों की जांच होनी है। गौरतलब है कि महानगर अध्यक्ष के करीबी भाजपा नेता के पिता पहले कोरोनावायरस संक्रमित निकले थे। इसके बाद भाजपा नेता, और उनका भाई कोरोना संक्रमित निकले, तबसे हडक़ंप सा मचा है।