मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी मोहनपुरी में रविवार को दुकान मालिक और किरायेदार में विवाद हो गया। सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पुलिस के अनुसार पुरानी मोहनपुरी निवासी एक शख्स ने अपनी दुकान क्षेत्र निवासी प्रॉपर्टी डीलर को लॉकडाउन से पहले किराये पर दी थी। दुकान स्वामी को करीब 15 दिन पूर्व भनक लगी कि प्रॉपर्टी डीलर ने किसी दूसरे शख्स को दुकान किराये पर दे दी है। इसकी एवज दस हजार रुपये ले लिये हैं। दुकान स्वामी ने विरोध जताया। तभी से दोनों पक्षों में विवाद चला रहा था। रविवार को दोनों पक्षों में समझौते की बात शुरू हुई। इसी दौरान रुपये लौटाने को लेकर विवाद गहरा गया। हंगामे की जानकारी पाकर एसआई पवन फोर्स लेकर पहुंचे और जानकारी ली। हालांकि बाद में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में वार्ता शुरू हुई। प्रॉपर्टी डीलर ने दुकान किराये पर लेने वाले तीसरे शख्स को दस हजार रुपये लौटा दिए और दुकान खाली कर चाबी उसके स्वामी को सौंप दी। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को चेतावनी देकर लौट गई।