सरधना। कस्बा खिवाई निवासी योगेंद्र ने ठेकेदार पर उसके पुत्र की एक माह की 14 हजार रुपये की मजदूरी नहीं देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसडीएम को प्रार्थनापत्र देकर मजदूरी दिलाने और मामले में कार्रवाई की मांग की है। योगेंद्र ने प्रार्थनापत्र में बताया कि उसका पुत्र दीपांशु खिवाई स्थित बीयर फैक्टरी में ठेकेदार के अधीन काम करता था। ठेकेदार से 14 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन तय हुआ था। आरोप है कि ठेकेदार ने दीपांशु की एक माह की 14 हजार रुपये की मजदूरी का भुगतान नहीं किया। योगेंद्र का आरोप है कि मजदूरी का भुगतान करने के लिए तकादा करने पर ठेकेदार ने उनके और उनके पुत्र के साथ गाली-गलौज की और विवाद पर आमादा हो गया। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने सरूरपुर थाना पुलिस को मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।